झोऊ राजवंश
From Wikipedia, the free encyclopedia
झोऊ राजवंश (चीनी: 周朝, झोऊ चाओ; पिनयिन अंग्रेज़ीकरण: Zhou dynasty) प्राचीन चीन में १०४६ ईसापूर्व से २५६ ईसापूर्व तक शासन करने वाला एक राजवंश था। हालांकि झोऊ राजवंश का शासन चीन के किसी भी अन्य राजवंश की तुलना में लम्बे काल के लिए चला, वास्तव में झोऊ राजवंश के शाही परिवार ने, जिसका पारिवारिक नाम 'जी' (姬, Ji) था, चीन पर स्वयं राज केवल ७७१ ईसापूर्व तक किया। झोऊ राजवंश के इस १०४६ से ७७१ ईसापूर्व के काल को, जब जी परिवार का चीन पर निजी नियंत्रण था, पश्चिमी झोऊ राजवंश काल कहा जाता है। ७७१ ईसापूर्व के बाद के काल को पूर्वी झोऊ राजवंश काल कहा जाता है।[1]
झोऊ काल में ही चीन में लोहे का प्रयोग शुरू हुआ और चीन ने लौह युग में प्रवेश किया, हालांकि कांस्य युग से चीन में चल रही कांसे की कारीगिरी झोऊ युग में परम ऊँचाइयों पर थी।[2] झोऊ राजवंश के ही ज़माने में चीन की प्राचीन चित्रलिपि को विकसित करके एक आधुनिक रूप दिया गया। यह पूर्वी झोऊ राजकाल के उस उपभाग में हुआ जिसे झगड़ते राज्यों का काल कहा जाता है। झोऊ राजवंश से पहले शांग राजवंश का चीनी सभ्यता पर राज था और उसके पतन के बाद चीन में चिन राजवंश सत्ता में आया।