अण्डा (खाद्य)
From Wikipedia, the free encyclopedia
अनेक जन्तु अण्डे देते हैं जिनमें प्रमुख हैं- पक्षी, सरीसृप, उभयचर, स्तनपायी (मम्मल) तथा मछलियाँ। हजारों वर्षों से मानव तथा अन्य जन्तु इन अण्डों को खाता आ रहा है।[1] पक्षियों तथा सरीसृपों के अण्डों के ऊपर एक रक्षा-कवच होता है, उसके अन्दर श्वेतक ( एल्ब्युमेन) तथा अण्ड पीतक (अंडे की जरदी) होते हैं। मुर्गी के अण्डे खाने के लिये सबसे अधिक पसन्द किये जाते हैं। इसके अलावा बतख, तीतर, आदि के अंडे भी खाये जाते हैं।
अंडे[2] को स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना गया है। यह गोल या अंडाकार होता है, जो विभिन्न प्रकार के मादा प्राणियों से मिलता है। अधिकतर जानवरों के अंडे एक कठोर आवरण के अंदर सुरक्षित रहते हैं। आमतौर पर आहार में मुर्गी का अंडा ही शामिल किया जाता है। इस अंडे में शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन और मिनरल्स होते हैं। इस कारण अंडे का सेवन स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना गया है। बस ध्यान रहे कि हमेशा पका हुआ अंडा ही खाने में शामिल किया जाना चाहिए। दरअसल, मुर्गी के अंडे में साल्मोनेला नामक जीवाणु भी होता है, जो कई बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए, आहार में ठीक से पका हुआ अंडा ही शामिल करना चाहिए।